मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच एक अहम घटना सामने आई है, जहां बहरीन में Amazon की क्लाउड सर्विस Amazon Web Services (AWS) से जुड़ी एक फैसिलिटी हमले का शिकार हुई है। इस हमले के दौरान उस परिसर में आग लग गई, जिसे बाद में स्थानीय सिविल डिफेंस टीम ने काबू में किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में AWS के ऑपरेशन्स को नुकसान पहुंचा है, हालांकि नुकसान की पूरी तस्वीर अभी साफ नहीं हो पाई है। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब ईरान पहले ही अमेरिकी कंपनियों और उनके इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाने की चेतावनी दे चुका था। इसी क्रम में Amazon की क्लाउड सर्विस भी इस तनाव की चपेट में आ गई।
इससे पहले भी क्षेत्र में ड्रोन गतिविधियों और हमलों के कारण AWS के डेटा सेंटर्स प्रभावित होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे कई ऑनलाइन सेवाओं में रुकावट आई थी। अब तक Amazon की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है, लेकिन यह साफ है कि इस हमले ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। AWS जैसी सेवाएं दुनियाभर में वेबसाइट्स, मोबाइल ऐप्स, बैंकिंग सिस्टम और कई जरूरी प्लेटफॉर्म्स को सपोर्ट करती हैं, ऐसे में इस तरह की घटना का असर व्यापक स्तर पर पड़ सकता है। यह घटना इस बात का संकेत भी देती है कि अब संघर्ष सिर्फ पारंपरिक युद्ध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि टेक्नोलॉजी और डेटा से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर भी सीधे तौर पर निशाने पर आ रहा है, जो आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर बड़ा मुद्दा बन सकता है।